केदारनाथ क्रैश: मौत से पहले पायलट ने पत्नी से की थी भावुक बातें, कहा-बेटी का ध्यान रखना वह..

 बीते मंगलवार (18 अक्टूबर) केदारनाथ से एक बुरी खबर आई। यहां गरूड़चट्टी में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इसमें बैठा एक पायलट और 6 श्रद्धालु मौके पर ही मर गए। 7 सीटर यह हेलीकॉप्टर (बेल 407 वीटी-आरपीएन) आर्यन कंपनी का था। यह मंगलवार सुबह 11:30 बजे गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए उड़ा था। फिर 11:39 बजे केदारनाथ पहुंचा व 3 मिनट ठहरने के बाद 11:42 गुप्तकाशी के लिए उड़ चला।

फिर 11:43 पर गरुड़चट्टी देवदर्शनी के पास अचानक हेलीकॉप्टर में एक तेज धमाका हुआ। इससे इसमें आग लग गई और यह खाई में जा गिरा। यह हादसा केदारनाथ हेलीपैड से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर हुआ। हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। सभी 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। इनके शव क्षत-विक्षत हालत में पड़े थे।

मौत से पहले पायलट ने की थी पत्नी से बात

हेलीकॉप्टर उड़ा रहे पायलट की पहचान अनिल सिंह (57) के रूप में हुई। वे आर्मी एविएशन के सेवानिवृत्त ले. कर्नल थे। उन्हें 4800 घंटे से ज्यादा की उड़ान का अनुभव था। वे मूल रूप से पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके के रहने वाले थे। हालांकि बीते 15 सालों से मुंबई में रह रहे थे। मुंबई में उनका घर अंधेरी में पॉश आवासीय सोसायटी में है। उनकी बीवी आनंदिता एक फिल्म राइटर है।

अनिल ने हादसे से एक दिन पहले यानि सोमवार को अपनी पत्नी से बात की थी। उन्होंने आनंदिता को अपनी बेटी फिरोजा का ख्याल रखने को कहा था। दरअसल उनकी बेटी की तबीयत ठीक नहीं थी। इसलिए उन्होंने कहा था ‘मेरी बेटी का ध्यान रखना। वह बीमार है।’ यही उनके पत्नी से अंतिम शब्द थे। फिर अगले दिन वह हमेशा के लिए दुनिया छोड़कर चले गए।

अंतिम संस्कार के लिए दिल्ली जाएगी पत्नी-बेटी

हादसे के बाद पुलिस सभी सात शवों को हेली से गुप्तकाशी लाई थी। यहां से इन्हें उनके निवास स्थल पर भेजा गया। पायलट अनिल सिंह का शव उनके मूल निवास दिल्ली में भेजा गया। उनकी पत्नी आनंदिता अपनी बेटी को लेकर पति के अंतिम संस्कार में शामिल होने दिल्ली जाएंगी।

पति की मौत पर पत्नी आनंदिता ने बताया कि उन्हें इस हादसे को लेकर किसी से कोई शिकायत नहीं है। यह सिर्फ एक दुर्घटना थी। पर्वतीय राज्य में अक्सर मौसम बिगड़ जाता है। पायलट को खराब मौसम का सामना करना पड़ता है। बात दें कि आनंदिता ने इस मामले में कोई भी शिकायत दर्ज नहीं करवाई है।

हेलीकॉप्टर चलाने वाली कंपनी की होगी जांच

उधर एयरक्रॉफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) एवं DGCA ने इस हादसे को लेकर जांच के आदेश दिए हैं। क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर जिस आर्यन एविएशन का था वह कुछ समय पहले ही जांच के दायरे में था। उसने कुछ नियम तोड़े थे जिसके चलते DGCA ने उस पर 5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। इस कंपनी के पास अपने 5 चॉपर हैं

हादसे में 7 मृत लोगों में 3 महिलाएं भी शामिल थीं। इस हादसे पर अभी तक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी समेत जैसे कई नेता शौक व्यक्त कर चुके हैं।

Comments